पंजाब के संगरूर जिले में लहरागागा-जाखल रोड पर पर गांव अलीशेर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा. यहां तेज रफ्तार कार ने मनरेगा के तहत सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को कुचल दिया, जिससे 9 मजदूरों की मौत हो गई है. वहीं, कई मजदूर घायल हो गए हैं.
इस हादसे में हुई मौतों को लेकर आज गांववासियों और विभिन्न संगठनों ने एक्शन कमेटी के नेतृत्व में लहरागागा-जाखल रोड जाम करके धरना दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये, घायलों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने और पीड़ित परिवारों के सदस्यों को सरकारी नौकरी देने की मांग की है.
मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग
धरने के दौरान एक्शन कमेटी के सदस्य बिक्कर सिंह अथोहा ने कहा कि इस भयानक हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. उन्होंने मांग की कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये और घायलों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए. इसके अलावा पीड़ित परिवारों के सदस्यों के लिए सरकारी नौकरी का प्रबंध भी किया जाए.
अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
एक्शन कमेटी ने इस मामले में सेक्रेटरी, बीडीपीओ और एडीसी के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की है. बिक्कर सिंह अथोहा ने आशंका जताई कि हादसे के समय कार चालक नशे की हालत में हो सकता था. उन्होंने कार में से चिट्टा (हेरोइन) मिलने का दावा भी किया. हालांकि, नशे की हालत में वाहन चलाने और कार से नशीला पदार्थ मिलने संबंधी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. इस दौरान पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है.
पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की मांग
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में तीन बच्चों की मां भी शामिल बताई जा रही है. हादसे के बाद पीड़ित परिवारों में शोक का माहौल है. प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के साथ-साथ उचित मुआवजा दिया जाए. फिलहाल धरने के माध्यम से लोग अपनी मांगें प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं. वहीं, हादसे के बाद पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और बरिंदर कुमार गोयल ने संगरूर के सरकारी अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की.
पटियाला: नौजवान की पिटाई का वीडियो वायरल, नाभा विधायक देव मान ने दी सफाई
Input By : अनिल जैन