पंजाब के मानसा जिले में नशा-विरोधी अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला बढ़ता चला जा रहा है. झोटा का परिवार आज भी न्याय की गुहार लगाते हुए प्रदर्शन कर रहा है. इस प्रदर्शन में राहुल गांधी के आने के आसार थे, लेकिन अब परविंदर के पिता के बयान से बड़ी हलचल मच गई है. दरअसल, परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने राहुल गांधी से अपील की है कि इस प्रदर्शन में शामिल होने न आएं.
यह अपील केवल राहुल गांधी से ही नहीं, बल्कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के परिवार से भी की गई है. भीम सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें ऐसे संकेत मिले हैं कि राहुल गांधी इस विरोध प्रदर्शन में आ सकते हैं. ऐसे में उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र कर कहा है कि उन्हें कांग्रेस नेता से कोई निजी दिक्कत नहीं है, लेकिन वे नहीं चाहते कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का परिवार यहां आए.
यह भी पढ़ें: पंजाब में प्रदूषण का खतरा बढ़ा, पटियाला-लुधियाना की हवा सबसे ज्यादा खराब
‘इंदिरा गांधी से नाराज है सिख समुदाय’
भीम सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि सिख समुदाय में इंदिरा गांधी को लेकर काफी नाराजगी और दुख है. इसलिए वे नहीं चाहते कि गांधी परिवार के सदस्य उनके बेटे की हत्या में न्याय दिलाने की मांग करने वाले प्रदर्शन में शामिल हों.
परविंदर सिंह झोटा को मारी गई थी गोली
बता दें, पंजाब के मनसा में बीते 13 अक्टूबर को एक मेडिकल स्टोर के अंदर परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह नशीले पदार्थों की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे. साथ ही, इस घटना की जांच अब सीबीआई कर रही है.
यह भी पढ़ें: पंजाब चुनाव से पहले AAP के लिए बढ़ीं चुनौतियां, BJP-कांग्रेस के संपर्क में कई विधायक