पानीपत के काबड़ी रोड स्थित एक फैक्ट्री के गोदाम में दर्दनाक हादसा हो गया. यहां कपड़े की छंटाई का काम कर रहे 42 वर्षीय मजदूर की भारी कपड़े की गांठ के नीचे दबने से मौत हो गई. हादसे के बाद गोदाम में अफरा-तफरी मच गई. साथी मजदूरों ने तुरंत उसे गांठ के नीचे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
जानकारी के अनुसार, हादसा काबड़ी रोड स्थित हरे कृष्णा फैक्ट्री के गोदाम में हुआ. यहां कई मजदूर रोज की तरह कपड़ों की छंटाई का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक कपड़े की एक भारी गांठ 42 वर्षीय मंटू कुमार के ऊपर गिर गई. वह गांठ के नीचे बुरी तरह दब गया.
पंजाब- हरियाणा से कांग्रेस की रैली में जा रहीं गाड़ियों से भारी जाम, सोनीपत में रैंग रहे वाहन
मौके पर मौजूद मजदूरों ने उसे बचाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. इसके बाद उसे तुरंत पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
25 साल पहले बिहार से आया था पानीपत
मृतक की पहचान मंटू कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला था. रोजगार की तलाश में करीब 25 साल पहले पानीपत आया था. तब से वह यहीं रहकर फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था. मंटू कुमार गंगाराम कॉलोनी में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था.
मंटू कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उसके परिवार में दो बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी वह मजदूरी करके उठा रहा था. पिता की अचानक मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है.
परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हो गई है. जिस पिता ने करीब 25 साल तक मेहनत करके परिवार को संभाला, उसके इस तरह चले जाने से परिजन सदमे में हैं.
पंचकूला: स्कूल में बच्ची पर हमले के बाद 2 टीचर सस्पेंड; FIR दर्ज
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है. फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.