पंजाब के मनसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के कारण लोगों में आक्रोश है. इसी कारण आज 15 अक्टूब को पूरे पंजाब में बंद का आह्वान किया गया है. इस मामले पर अब सियासी बयानबाजी भी देखने को मिल रही है.
अब पंजाब में हत्या के विरोध में आज बंद को लेकर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब के प्रभारी सचिन पायलट का बड़ा बयान सामने आया है. पायलट ने पंजाब के सीएम भगवंत मान पर निशाना साधते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
‘सीएम भगवंत मान को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं’
पायलट ने मीडिया से बातचीत में कहा, “सीएम भगवंत मान को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं रह गया है. उन्हें तत्काल अपना पद छोड़ देना चाहिए. जो मुख्यमंत्री राज्य की कानून व्यवस्था को ना संभाल पा रहा हो. कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही हो, उसे पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है. पंजाब में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं.”
पायलट ने आगे कहा, “नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले या तो मौत के घाट उतारे जा रहे हैं या फिर खुदकुशी के लिए मजबूर किए जा रहे हैं.” पायलट ने पंजाब बंद का समर्थन भी किया.
ज्ञानेश के खिलाफ प्रदर्शन को समर्थन
सचिन पायलट ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कड़े कदम उठाए जाने पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया जा रहा है. लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है. सरकार को सभी की बात सुननी चाहिए. विरोध चुनाव आयोग के खिलाफ हो रहा है तो उसके बचाव में बीजेपी क्यों आगे आ रही है?”
उन्होंने आगे कहा, “मौजूदा सरकार ने पहले नोटबंदी की थी और अब वोट बंदी कर रही है. सरकार का रवैया कतई ठीक नहीं है. आंदोलन को जिस तरह दबाने की कोशिश की जा रही है, उससे लोगों में जबरदस्त नाराजगी है.”
अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले पर सवाल
पायलट ने अतर सिंह भड़ाना की हत्या का मामला भी उठाया. उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी कानून व्यवस्था काफी खराब हो चुकी है. सत्ता पक्ष के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना को मौत के घाट उतार दिया जा रहा है. उन्होंने पहले भी अपनी हत्या की आशंका जताई थी. उनको धमकियां दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया. राजस्थान में भी आए दिन बड़ी आपराधिक वारदातें हो रही हैं. सरकार को इस पर कड़े कदम उठाना चाहिए.
सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान में हो रहे पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी. हमने काफी तैयारी की हुई है. लोग मौजूदा सरकार के कामकाज से खुश नहीं है और वह पंचायत चुनाव में सरकार को करारा सबक सिखाएंगे.