दिसंबर 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, जिसमें तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज जोड़ी गई है. क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की. बोर्ड के अनुसार, शेड्यूल में टी20 सीरीज को इसलिए जोड़ा गया है, ताकि अगले साल होने वाली पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी की जा सके. चैंपियंस ट्रॉफी फरवरी 2027 में श्रीलंका में आोजित होगी.
भारत ने अप्रैल में विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के तौर पर साउथ अफ्रीका का दौरा किया था, जहां 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा. अब ‘विमेन इन ब्लू’ के पास हिसाब बराबर करने का मौका होगा. भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीमें 9 से 12 दिसंबर के बीच गकेबेरहा में इकलौता टेस्ट मैच खेलेंगी.
इसके बाद 16 दिसंबर से तीन मुकाबलों की आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मैच पार्ल में आयोजित होगा. वनडे सीरीज का दूसरा मैच 19 दिसंबर को केपटाउन, जबकि तीसरा मुकाबला 22 दिसंबर को ब्लॉमफोन्टेन में खेला जाना है.
दोनों देश 26 दिसंबर से टी20 सीरीज खेलेंगे. पहला मुकाबला बेनोनी में आयोजित होगा. इसके बाद 29 दिसंबर को पोटचेफस्ट्रूम दूसरे मैच की मेजबानी करेगा. सीरीज का अंतिम मैच पोटचेफस्ट्रूम में 30 दिसंबर को खेला जाना.
बदले हुए शेड्यूल का स्वागत करते हुए, सीएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोलेट्सी मोसेकी ने कहा, हमें भारत के साउथ अफ्रीका दौरे के लिए बदले हुए शेड्यूल की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है. इसमें त्योहारों के समय टी20 इंटरनेशनल सीरीज को भी जोड़ा गया है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि हमारी प्रोटियाज महिला टीम को अगले साल की शुरुआत में श्रीलंका में होने वाली पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी के लिए सबसे अच्छी तैयारी का मौका मिल सके.
भारत विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में से एक है और तीनों फॉर्मेट में उनके खिलाफ खेलने का मौका हमें बेहतरीन मुकाबला देगा, क्योंकि हम एक और बड़े आईसीसी इवेंट की तैयारी कर रहे हैं.
भारत-दक्षिण अफ्रीका का शेड्यूल (अपडेटेट टी20 सीरीज मिलाकर)
इकलौता टेस्ट: 9-12 दिसंबर, गकेबेरहा
पहला वनडे मैच: 16 दिसंबर, पार्ल
दूसरा वनडे मैच: 19 दिसंबर, केपटाउन
तीसरा वनडे मैच: 22 दिसंबर, ब्लॉमफोन्टेन
पहला टी20 मैच: 26 दिसंबर, बेनोनी
दूसरा टी20 मैच: 29 दिसंबर, पोटचेफस्ट्रूम
तीसरा टी20 मैच: 30 दिसंबर, पोटचेफस्ट्रूम
यह भी पढ़ें: श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले शुभमन गिल को लगी चोट, बढ़ गई टेंशन