[wpcode id="23"]
BREAKING India Latest News | World News | Sports | Business | Entertainment | Technology | Weather Updates | Live News 24x7


लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की फोटो सामने आने का दावा किया गया है. इस मामले में पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के प्रधान संजय तलवाड़ ने चुनावी रिकॉर्ड की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है.

बूथ नंबर-38 की मतदाता सूची में सीरियल नंबर-422 पर दर्ज अमन कुमार के नाम के सामने भगत सिंह की फोटो लगी है. पूर्व MLA का दावा है कि एक बूथ पर 8 ID में गड़बड़ी है. पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के प्रधान संजय तलवाड़ के मुताबिक, इसी बूथ पर 8 अन्य सीरियल नंबरों पर भी गलत फोटो हैं. सीरियल नंबर 5, 69, 397, 410, 747, 750, 983 और 990 पर गलत फोटो होने का आरोप लगाया है.

लुधियाना ईस्ट के सभी 235 बूथों की जांच की मांग

कांग्रेस नेता संजय तलवाड़ ने लुधियाना ईस्ट के सभी 235 पोलिंग बूथों की मतदाता सूचियों की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जांच के दौरान गलत फोटो और मतदाता सूचियों में सामने आने वाली अन्य गलतियों को सही किया जाना चाहिए. उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और संबंधित चुनाव अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की भी मांग की है.

राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों का भी जिक्र 

कांग्रेस नेता संजय तलवाड़ ने राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि चुनावी रिकॉर्ड में इस तरह की कथित गड़बड़ियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता. पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने और चुनाव प्रक्रिया में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए मतदाता सूचियों का सही होना जरूरी है.

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने क्या कहा?

वहीं, इस संबंध में संपर्क करने पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि वह लुधियाना ईस्ट के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) से इस मामले की जानकारी लेंगे.

राहुल गांधी ने भी लगाए थे आरोप

हालांकि इससे पहले नवंबर 2025 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा की मतदाता सूची में एक ब्राजीलियाई मॉडल की फोटो अलग-अलग नामों से 10 बूथों पर 22 बार इस्तेमाल होने का दावा किया था. बाद में कुछ मतदाताओं ने स्पष्ट किया कि उनके नाम और वोटर कार्ड असली थे, लेकिन मतदाता सूची में उनकी जगह किसी और की फोटो छप गई थी.

पश्चिम बंगाल और यूपी में भी आया था मामला

पश्चिम बंगाल (2020) – कुत्ते की फोटो: मुर्शिदाबाद के रामनगर गांव के रहने वाले सुनील कर्माकर ने जब अपने वोटर आईडी कार्ड में सुधार के लिए आवेदन किया, तो चुनाव आयोग द्वारा जारी नए कार्ड पर उनकी तस्वीर की जगह एक कुत्ते की फोटो छप कर आ गई. इस घटना के बाद काफी विवाद हुआ और पीड़ित ने मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी, जिसके बाद अधिकारी ने इसे लिपिकीय त्रुटि बताते हुए तुरंत सुधार कर नया कार्ड जारी किया.

उत्तर प्रदेश (2018) – हाथी, हिरण और कबूतर की फोटो: बलिया जिले के सिंकदरपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी सामने आई थी. वहां एक मतदाता के नाम के आगे हाथी की फोटो, एक महिला के नाम के आगे हिरण और कुछ अन्य मतदाताओं के नाम के आगे कबूतर की तस्वीर लगा दी गई थी. इस मामले में जांच के बाद एक डेटा ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई गई थी.

पंजाब: सुखबीर बादल ने गठबंधन पर खोले पत्ते, AAP-कांग्रेस पर क्या बोले?



Source link