नूह में करीब डेढ़ साल के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार गांव कुरथला के शहीद अग्निवीर समय सिंह को सम्मान मिला. रविवार को नूह जिला के गांव कुरथला में शहीद अग्निवीर समय सिंह की प्रतिमा का अनावरण केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया.
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि उन्हें एक शहीद की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए आमंत्रित किया गया, इस बात का उन्हें गर्व है. उन्होंने कहा कि नूंह का छोटा सा गांव कुरथला आज साहसिक गांव के रूप में हरियाणा में अलग पहचान रखता है और सात शहीद इस गांव से हैं. उन्होंने शहीद के परिजनों को संवेदना अर्पित करते हुए कहा कि हरियाणा के कोने-कोने से ऐसे ही वीर पैदा होते रहें ताकि देश की रक्षा हो सके. उन्होंने गांव में कम्युनिटी सेंटर के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की.
जंतर-मंतर मार्च से पहले सोनीपत में पुलिस अलर्ट, कांग्रेस कार्यकर्ता डिटेन
शहीद समय सिंह के नाम पर हुआ स्कूल का नाम
शहीद की बहन पूजा ने बताया कि प्रशासन, विशेष रूप से जिला उपायुक्त का आभार जताते हैं कि उनके भाई को सम्मान मिला है. स्कूल का नामकरण भी शहीद अग्निवीर समय सिंह के नाम पर हुआ है. इसके लिए उन्होंने बहुत दफ्तरों के चक्कर काटे हैं.
शहीद स्थल की देखभाल की मांग
उन्होंने मांग की है कि शहीद स्थल की देखभाल के लिए दो कर्मचारी तैनात किए जाएं और लाइट की व्यवस्था की जाए ताकि यह स्थल पूरी तरह से शहीद पार्क के रूप में विकसित हो सके. उन्होंने कहा कि 19 साल की उम्र में उनके भाई ने देश के लिए शहादत दी है, जिस पर उन्हें गर्व है.
संघर्ष के बाद मिला सम्मान- शहीद के पिता
शहीद के पिता दलबीर सिंह, जो खुद पूर्व सैनिक हैं, ने भावुक होते हुए कहा कि सम्मान पाने के लिए लंबा संघर्ष किया, ग्रामीणों ने सहयोग दिया, जिला प्रशासन के सहयोग से रक्षा मंत्री तक से मुलाकात और पत्राचार किया. मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई और जिला मुख्यालय के कई चक्कर लगाए, तब जाकर यह सम्मान मिला.
केंद्रीय मंत्री का परिजनों ने जताया आभार
उन्होंने कहा कि जिस देश में शहीदों का सम्मान नहीं रहता, वह देश नहीं रहता. बेटे के लिए बहुत सपने सजाए थे, लेकिन उसने देश सेवा के लिए जान दे दी. बेटे की शुरू से ही फौज में जाने की इच्छा थी. परिजनों ने प्रतिमा अनावरण और स्कूल के नामकरण के लिए प्रशासन और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया.
हरियाणाः रिश्तेदारी निभाने आते थे या रेकी करने? मामा-भांजे ने चुराए 10 लाख के जेवर