मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला तूल पकड़ रहा है. हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद का ऐलान किया गया है, जिसका शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने समर्थन किया है. कमेटी की ओर से एक्स पोस्ट पर लिखा, “शिरोमणि कमेटी ने भाई परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद के आह्वान का पूरा समर्थन किया है.”
बता दें, परविंदर सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को लेकर मानसा में भारी आक्रोश है. गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगा दी है. वहीं, उसकी मेडिकल दुकान पर भी तोड़-फोड़ की गई है. दूसरी ओर, मानसा प्रशासन आरोपी की दुकान पर बुलडोजर चलाया जा रहा है. हिंसा की आशंका को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है.
परविंदर झोटा के हत्यारोपी की दुकान पर चलेगा बुलडोजर! मान सरकार लेगी फैसला
मानसा एसएसपी ने क्या कहा?
मानसा के SSP वैभव चौधरी ने बताया, “हम यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आए हैं. प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है. हमें इस बारे में सूचना मिली थी, इसलिए हम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स के साथ यहां आए हैं. अवैध निर्माण के बारे में जानकारी मिली थी और उसी के संबंध में कार्रवाई की जा रही है.”
भगवंत मान के इस्तीफे की मांग
पंजाब के मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं. प्रदर्शनकारियों ने 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP गौरव यादव के इस्तीफे की मांग की है. परिवार ने आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया है. वहीं, BJP ने मामले की CBI जांच की मांग की है.
NHRC का बड़ा बयान
पंजाब के मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने कहा, “पंजाब में नशे के विरोध में सामाजिक रूप से कार्य करने वाले एक कार्यकर्ता की जिस प्रकार से जघन्य हत्या की गई है, ये बहुत ही गंभीर बात है और इस बात का द्योतक है कि कानून-व्यवस्था वहां पर विफल हो रही है, जहां दवा के नाम पर नशा बेचने वाले माफिया के मंसूबे इतने बढ़ चुके हैं कि वो आवाज उठाने वाले लोगों को गोली मारकर चुप कर देना चाहते हैं. ये स्थिति बेहद खतरनाक है. हमने पंजाब में आतंकवाद के दौर में कई जानें खोई हैं. ये नशे का दौर भी उसी स्थिति में पंजाब को ले जाने के लिए आ गया है.”
पंजाब में जमीन खरीद पर घिरी PCA, ED की चिट्ठी के बाद अध्यक्ष पर भड़के BJP नेता