हरियाणा के पानीपत में सोमवार (3 अगस्त) सुबह एक बेहद झकझोर देने वाली घटना सामने आई. शिव नगर इलाके में एक नवजात शिशु को प्लास्टिक के कट्टे (बोरी) में बंद कर सड़क किनारे कूड़े के ढेर पर फेंक दिया गया. गनीमत रही कि समय रहते एक महिला की नजर उस पर पड़ गई और बच्चे की जान बच गई. पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर नवजात को जन्म देने वाली मां को हिरासत में ले लिया है, जिसने लोकलाज और मजबूरी के चलते इस खौफनाक कदम को उठाने की बात कबूली है.
कट्टे में हुई हलचल तो खुला राज
शिव नगर की गली नंबर-5 निवासी यॉर्न कारोबारी अक्षय जिंदल ने बताया कि सोमवार (3 अगस्त) सुबह करीब 6 बजे उनकी मां सुधा जिंदल घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थीं. इसी दौरान पड़ोस के मकान के सामने पड़े एक प्लास्टिक के कट्टे में उन्हें हलचल दिखाई दी. अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने बेटे और पड़ोसियों को बुलाया. जब सावधानी से कट्टे की गांठ खोली गई, तो अंदर एक जीवित नवजात शिशु मिला.
बृजभूषण सिंह के बरी होने पर विनेश फोगाट का सीधा आरोप- ‘लड़कियों को डराकर वापस कराए नाम’
पेट से जुड़ी थी गर्भनाल, अस्पताल में भर्ती
नवजात की हालत देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग हैरान रह गए. बच्चे की स्थिति से साफ लग रहा था कि उसका जन्म महज दो से तीन घंटे पहले ही हुआ था, क्योंकि उसके पेट से गर्भनाल (नाल) भी अलग नहीं की गई थी. स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी और बच्चे को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया. बाल कल्याण समिति (CWC) और पुलिस की मौजूदगी में नवजात को सिविल अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
CCTV से पकड़ी गई मां, सुनाई दर्दनाक कहानी
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में महिला ने जो कहानी बताई, वह बेहद दर्दनाक है. महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और उसकी चार बेटियां हैं. करीब 5 साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है. डेढ़ साल पहले उसका एक रिश्तेदार उसे पानीपत लेकर आया था. इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बन गए और वह गर्भवती हो गई. गर्भवती होने की बात पता चलने पर रिश्तेदार उसे छोड़कर भाग गया.
रविवार रात करीब 11 बजे जब उसकी बेटियां छत पर सो रही थीं, तो महिला ने खुद अपनी डिलीवरी कराई. सोमवार (3 अगस्त) सुबह 5 बजे लोकलाज और बदनामी के डर से उसने नवजात को कट्टे में डालकर फेंक दिया. फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कानूनी और वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
नूंह में ब्रजमंडल शोभायात्रा आज, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा