पानीपत शहर के बबैल बाइपास पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. शुक्रवार (16 अक्टूबर) दोपहर को एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. डंपर का पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के रामड़ा गांव निवासी अफसरून (28) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, अफसरून पानीपत की एक फैक्ट्री में टैक्सटाइल का मास्टर कारीगर के रूप में काम करता था. इसी नौकरी से वो अपने परिवार को पालता था.
नूंह: गौ-तस्कर के एनकाउंटर पर हंगामा, अंतिम संस्कार से परिजनों का इनकार
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को अफसरून अपनी बाइक पर सवार होकर बबैल बाइपास से गुजर रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि अफसरून बाइक सहित सड़क पर जा गिरा और डंपर का पहिया उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया. इस हादसे में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
परिजनों ने बताया कि मृतक अफसरून अपने माता-पिता का इकलौता कमाने वाला बेटा था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई और तीन बहनें हैं. अफसरून का मात्र तीन साल का एक बेटा भी है.
पुलिस जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी डंपर चालक की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
सोनीपत: गोशाला में पानी से भरे गड्ढे में डूबे दो सगे भाई, हुई मौत