पंजाब के मानसा में ड्रग्स एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की फेसबुक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. परमिंदर सिंह की मौत पर अब उनके पिता भीम सिंह ने बड़ा ऐलान कर दिया है.
भीम सिंह का कहना है कि बेटे के शव का तब तक संस्कार नहीं करूंगा जब तक इंसाफ नहीं मिलता. उन्होंने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि पंजाब सरकार को बर्खास्त करो यह नशा बिकवाती है. साथ ही पंजाब के लोगों से भी अपील है कि मानसा में परमिंदर सिंह को इंसाफ दिलाने के लिए धरने में आएं.
मृतक के पिता भीम सिंह ने कहा कि मेरे बेटे को नशे के खिलाफ इस लड़ाई में शहीद कर दिया गया है. लोगों ने एक कमेटी बनाई है और हम कमेटी के अनुसार ही चलेंगे और जब तक कमेटी नहीं रहेगी तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. मैं पंजाब के लोगों से आह्वान करता हूं कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आगे आएं.
2023 में आरोपी मेडिकल मालिक को जूतों की माला पहनाकर टहलाया
परमिंदर सिंह झोट्टा को गोली मारने का आरोप जिस केमिस्ट शॉप मालिक पर लगा है. उसे साल 2023 में परमिंदर सिंह झोट्टा ने प्रतिबंधित कैप्सूल बेचने के आरोप में मानसा मार्केट में जूतों की माला पहनाकर घुमाया था. उस समय दोनों के खिलाफ मानसा पुलिस ने केस दर्ज किया था.
उसी केमेस्ट शॉप पर मंगलवार सुबह एक ड्रग खरीदार के साथ परमिंदर पहुंचा और दुकानदार को कॉन्फ्रंट किया. मौके पर परमिंदर सिंह झोट्टा पर गोली चलाई गई और अस्पताल में उसको मृत घोषित कर दिया गया.
बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सरकार पर साधा निशाना
बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “पंजाब भय और अराजकता की गिरफ्त में है. पुलिसकर्मियों की हत्याएं हो रही हैं, परमिंदर सिंह झोट्टा जैसे नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है और गुंडे बेखौफ घूम रहे हैं. भगवंत मान के गृह मंत्रालय संभालने के बाद, जब सरकार अपने ही लोगों की रक्षा करने में विफल रही है, तो पंजाब की रक्षा कौन करेगा?”
अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने दी ये प्रतिक्रिया
शिरोमणी अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि आज बहुत ही दुखदायक और हैरान करने वाली खबर सामने आई. उन्होंने कहा, “पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है. पंजाब एक खुले कत्लखाने में बदल गया है, जहां नशा-विरोधी कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, सहायक सुरक्षाकर्मियों या आम नागरिकों को दिनदहाड़े बेरहमी से मारा जा रहा है.
उन्होंने आगे कहा, “मानसा में हुई हालिया भयावह निर्मम गोलीबारी से यह बात उजागर होती है कि गुरुदोखी भगवंत मान सरकार ने राज्य को पूरी तरह से ड्रग माफिया और आपराधिक गिरोहों के हवाले कर दिया है.”
उन्होंने आगे कहा, “यह पंजाब के खिलाफ ‘युद्ध’ है. जो लोग ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें या तो प्रशासन द्वारा चुप करा दिया जा रहा है, जैसे गुलजार सिंह की, या परमिंदर सिंह झोटा की तरह दिन दहाड़े उनकी हत्या कर दी जा रही है. कोई भी जनसंपर्क हथकंडा आपके हाथों पर लगे खून को नहीं छुपा सकता.”
मानसा में परमिंदर सिंह झोट्टा की हत्या, फेसबुक लाइव के दौरान मारी गई गोली?