पंजाब कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात हुई. राजा वडिंग ने दिल्ली में राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना औपचारिक इस्तीफा सौंपा.
इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए वडिंग ने कहा कि बैठक में पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, पार्टी की चुनौतियों और उसकी ताकत को लेकर चर्चा हुई. राजा वडिंग ने कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपने साढ़े चार साल के अनुभव राहुल गांधी के साथ साझा किए और बताया कि किन चुनौतियों से किस तरह निपटना होगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आगे भी उनकी जरूरत होगी तो वह पार्टी के लिए हमेशा खड़े रहेंगे.
राजा वडिंग की राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात, पंजाब पर क्या हुई बात?
सूत्रों के मुताबिक, राजा वडिंग ने राहुल गांधी को पंजाब का पूरा फीडबैक दिया. उन्होंने यह भी बताया कि चरणजीत सिंह चन्नी खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहते हैं और उनकी असली मांग 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए जाने की है. राजा वडिंग ने राहुल गांधी से कहा कि अगर पार्टी कहे तो वह कोई भी पद छोड़ने के लिए तैयार हैं. उनका मकसद पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाना है.
पंजाब कांग्रेस का अगला चीफ कौन?
उधर, पार्टी सूत्रों ने कहा कि पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला आगामी चुनाव से पहले इस पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, सिंगला के अलावा पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह, पूर्व विधायक राणा के.पी. सिंह, राजा सांसी से विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम भी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चर्चा में हैं.