[wpcode id="23"]
BREAKING India Latest News | World News | Sports | Business | Entertainment | Technology | Weather Updates | Live News 24x7


कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए गए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को ‘जुझारू नेता’ करार दिया है. उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. पायलट ने मीडिया से बातचीत में वड़िंग को बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा नेता बताया और कहा कि उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने में अहम योगदान दिया.

पायलट के प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभालने के कुछ दिनों बाद ही वड़िंग को हटाकर परगट सिंह को अध्यक्ष बनाया गया था. इस बारे में पूछे जाने पर पायलट ने कहा कि वड़िंग ने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन कई बार संगठन में बदलाव जरूरी होते हैं.

‘राजा वड़िंग ने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं राजा वड़िंग को 20 साल से जानता हूं. वह बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा नेता हैं. जब हमारे पास केवल 15-16 विधायक थे और परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण थीं, तब उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने में मदद की. चार साल से अधिक समय तक उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की.’’ पार्टी आलाकमान के फैसले के बाद वड़िंग ने दो अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ दिया था और पूर्व ओलंपियन परगट सिंह ने उनकी जगह ली थी. उस समय वड़िंग ने पद छोड़ने के लिए परोक्ष रूप से पायलट को जिम्मेदार ठहराया था.

संगठन में कभी-कभी बदलाव होते हैं- सचिन पायलट

पायलट ने कहा, ‘‘वह जुझारू नेता हैं. लेकिन संगठन में कभी-कभी बदलाव होते हैं. उत्तर प्रदेश में भी नया अध्यक्ष बनाया गया है और पंजाब में परगट सिंह जी को अध्यक्ष बनाया गया है. आगे बढ़ने की रणनीति के अनुसार ऐसे बदलाव होते रहते हैं.’’ उन्होंने कहा कि वड़िंग ने पार्टी के लिए बहुत योगदान दिया है और विधानसभा चुनाव में वह बहुत-बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे.

राजा वड़िंग ने युवाओं के लिए काफी काम किया-सचिन पायलट

यह पूछे जाने पर कि क्या वड़िंग अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उपयुक्त नहीं रह गए थे, पायलट ने कहा कि यह उनकी उपयुक्त रहने या नहीं रहने का सवाल नहीं है. कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘उन्होंने युवाओं के लिए काफी काम किया है और उन्हें आम आदमी पार्टी के खिलाफ आगे आकर संघर्ष करने के लिए प्रोत्साहित किया है. लेकिन चुनाव के समय कई पहलुओं पर विचार किया जाता है और नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश तथा पंजाब में नए अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया.’’

पायलट ने की पंजाब के नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की तारीफ

सचिन पायलट ने कहा कि इसका यह अर्थ नहीं है कि निवर्तमान अध्यक्ष के पास कम काम होगा या चुनावी संघर्ष के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कम हो जाएगी. उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे हैं और पंजाब में युवाओं को यह संदेश दे सकते हैं कि स्वास्थ्य, खेल और फिटनेस, नशे तथा भीड़ की हिंसा में शामिल होने से कहीं बेहतर हैं. उन्होंने कहा कि परगट तीन बार के विधायक भी हैं और पार्टी ने मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें प्रदेश संगठन का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त माना है.

पंजाब में कब है चुनाव?

वड़िंग ने 11 अक्टूबर को कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पार्टी के कई नेताओं ने उनका विरोध किया और आगे भी ऐसा हो सकता है. हालांकि उन्होंने परगट सिंह को पूरा सहयोग देने और पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने की बात कही थी. पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. प्रदेश नेतृत्व को लेकर कई सप्ताह तक चली अंदरूनी खींचतान को कांग्रेस के चुनाव अभियान के लिए चुनौती माना जा रहा है.

पायलट ने कहा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के लिए गंभीर चुनौती नहीं है और मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी से होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल कांग्रेस के लिए ‘आप’ के बाद अपेक्षाकृत छोटी चुनौती होगी.

‘भगवंत मान को CM बने रहने का कोई अधिकार नहीं’, परविंदर झोटा हत्याकांड पर बोले पायलट



Source link