[wpcode id="23"]
BREAKING India Latest News | World News | Sports | Business | Entertainment | Technology | Weather Updates | Live News 24x7


Auto Market September 2026: सितंबर से Hyundai और Tata की कारें महंगी होने वाली हैं. दूसरी ओर, डीलरों के पास बढ़ता स्टॉक छूट की होड़ शुरू करा सकता है. ऐसे में अभी बुकिंग करना सही रहेगा या कुछ दिन इंतजार करना फायदेमंद होगा? बाजार के आंकड़े और भारत की कुंडली दिलचस्प संकेत दे रहे हैं.

सितंबर में कार खरीदने वालों के सामने अजीब स्थिति होगी. महीने की शुरुआत में कुछ गाड़ियों की कीमत बढ़ जाएगी. इसके बाद फेस्टिव ऑफर आने की उम्मीद है.

यानी जो कार अभी सस्ती मिल रही है, वह सितंबर में महंगी हो सकती है. लेकिन बढ़ी हुई कीमत के बाद उसी मॉडल पर डीलर कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस या सस्ती फाइनेंस स्कीम भी दे सकता है.

बाइक और स्कूटर बाजार की तस्वीर इससे अलग है. यहां मांग पहले से तेज है. कई लोकप्रिय मॉडलों की सप्लाई भी कम बताई जा रही है.

यह भी पढ़ें- कृति सेनन विवाद अभी शुरुआत? सितंबर तक कई बड़े सितारों और ब्रांड्स पर आ सकता है संकट

जुलाई में जमकर बिकीं बाइक और स्कूटर

जुलाई 2026 में देश में करीब 18.18 लाख दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह पिछले साल जुलाई से लगभग 28 प्रतिशत ज्यादा है.

Federation of Automobile Dealers Associations (FADA) के आंकड़ों में भी दोपहिया बिक्री 28.25 प्रतिशत बढ़कर 18,18,289 रही. इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी रिकॉर्ड 11.24 प्रतिशत तक पहुंच गई.

डीलरों ने कुछ ज्यादा बिकने वाले मॉडलों की सप्लाई कम होने की बात भी कही है. उनकी लंबित बुकिंग सितंबर की बिक्री को सहारा दे सकती है.

डीलरों को बाजार बढ़ने की उम्मीद

FADA के जुलाई सर्वे में 74.30 प्रतिशत डीलरों ने अगस्त में बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई थी. करीब 88 प्रतिशत डीलर अगले तीन महीनों को लेकर सकारात्मक थे.

यह सितंबर की वास्तविक बुकिंग का आंकड़ा नहीं है. इससे सिर्फ आने वाले फेस्टिव कारोबार को लेकर डीलरों का मूड पता चलता है.

कार बाजार में स्टॉक करीब 33 से 35 दिनों तक पहुंच गया है. FADA लगभग 21 दिनों की इन्वेंट्री को बेहतर मानता है. ज्यादा स्टॉक होने पर डीलर पुरानी गाड़ियां निकालने के लिए छूट बढ़ा सकते हैं. हालांकि ज्यादा मांग वाली SUV, CNG और हाइब्रिड कारों पर बड़ा ऑफर मिलना जरूरी नहीं है.

यह भी पढ़ें- ‘रहमान डकैत’ से शुक्राचार्य बने अक्षय खन्ना, असुरों के गुरु की कहानी कर देगी हैरान

सितंबर से महंगी होंगी Hyundai और Tata की कारें

Hyundai Motor India ने 1 सितंबर से कारों की कीमत में एक प्रतिशत तक बढ़ोतरी की घोषणा की है. वास्तविक वृद्धि मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से होगी. कंपनी ने बढ़ती लागत को इसकी वजह बताया है.

Tata Motors भी 1 सितंबर से अपनी कारों और SUV की कीमत अधिकतम 25,000 रुपये तक बढ़ाएगी. यहां भी हर मॉडल पर समान बढ़ोतरी नहीं होगी. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो कंपनी ने लागत का दबाव बढ़ने के बाद यह फैसला लिया है.

अगर मॉडल, रंग और वेरिएंट तय है तो अभी बुकिंग उपयोगी हो सकती है. लेकिन डीलर से लिखित में पूछें कि अगस्त में बुकिंग और सितंबर में डिलीवरी होने पर कौन-सी कीमत लगेगी.

मेदिनी ज्योतिष क्या संकेत दे रहा है?

देश और बाजार से जुड़ी भविष्यवाणी मेदिनी ज्योतिष के अंतर्गत आती है. इसमें कार के लिए चौथा भाव देखा जाता है. बाइक और छोटी यात्रा का संबंध तीसरे भाव से है. ज्योतिष ग्रंथों में शुक्र वाहन, मंगल मशीनरी, बुध व्यापार और राहु को नई तकनीक का कारक बताया गया है.

भारत की कुंडली वृषभ लग्न की है. इसका तीसरा भाव कर्क राशि में पड़ता है. इसी भाव में भारत के कई जन्मकालीन ग्रह मौजूद हैं.

अभी गुरु कर्क राशि में गोचर कर रहे हैं. गुरु यहां मजबूत माने जाते हैं. यह स्थिति छोटी यात्रा और रोजमर्रा के वाहनों की मांग बढ़ने का संकेत देती है. इसलिए कम्यूटर बाइक, फैमिली स्कूटर और इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार सितंबर में भी मजबूत रह सकता है.

भारत की कुंडली का चौथा भाव सिंह राशि में है. सितंबर की शुरुआत में केतु इसी भाव में रहेंगे. इससे कार खरीदारों में उलझन बनी रह सकती है. लोग शोरूम जाएंगे और टेस्ट ड्राइव लेंगे, लेकिन कीमत और फीचर की तुलना करने के बाद ही फैसला करेंगे.

यह भी पढ़ें- 8 महीने पहले हुई भविष्यवाणी सच! Google Gemini का चेहरा बने शाहरुख खान

7 सितंबर के बाद तेज हो सकती है पूछताछ

7 सितंबर 2026 को बुध कन्या राशि में जाएंगे. बुध यहां मजबूत माने जाते हैं. यह गोचर कीमत, लोन, बीमा और दस्तावेज की जांच बढ़ा सकता है.

खरीदार केवल एक्स-शोरूम कीमत नहीं देखेंगे. वे ऑन-रोड कीमत, ब्याज, एक्सचेंज वैल्यू और सर्विस पैकेज भी पूछेंगे. इससे डीलरों के बीच मुकाबला बढ़ सकता है.

2 सितंबर से शुक्र तुला राशि में रहेंगे. शुक्र की यह स्थिति वाहन बाजार के लिए सहारा बन सकती है. कंपनियां सीधी छूट से ज्यादा आसान EMI, कम ब्याज और एक्सचेंज बोनस पर जोर दे सकती हैं.

18 सितंबर को मंगल कर्क राशि में जाएंगे. इसके बाद मांग और डिलीवरी की रफ्तार बढ़ने का ज्योतिषीय संकेत है. हालांकि जल्दबाजी में गलत वेरिएंट, अधूरे कागज या बिना जांच के वाहन लेने से बचना होगा.

अभी बुक करें या इंतजार करें?

मॉडल तय है और पुरानी कीमत लिखित में लॉक हो रही है तो अभी बुकिंग की जा सकती है. ज्यादा छूट चाहिए तो सितंबर के दूसरे हिस्से तक इंतजार फायदेमंद हो सकता है.

लोकप्रिय बाइक या स्कूटर लेना है तो बुकिंग टालना ठीक नहीं होगा. सप्लाई कम हुई तो डिलीवरी लंबी खिंच सकती है.

कुल मिलाकर सितंबर में बाइक और स्कूटर कारों से बेहतर रफ्तार पकड़ सकते हैं. कार बाजार में ग्राहक आएंगे, लेकिन जमकर मोलभाव करेंगे. बाजी उसी कंपनी के हाथ लग सकती है जो बेहतर EMI, सही एक्सचेंज वैल्यू और समय पर डिलीवरी देगी. 

शेष किसी ज्योतिष विशेषज्ञ से कुंडली का अध्ययन कराके भी सही मुहूर्त, वाहन और वाहन का कलर जान सकते हैं.

यह भी पढ़ें- नई टीम और युवा चेहरे, क्या सच में बदल रही BJP? कुंडली ने दिए चौंकाने वाले संकेत

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link