पंजाब कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच पार्टी ने नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी है. कांग्रेस ने परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया. शुक्रवार को राहुल गांधी से मुलाकात कर अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अपना इस्तीफा सौंपा था.
राजा वडिंग के इस्तीफा सौंपने के बाद ही पार्टी ने अब नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी. कांग्रेस की ओर से नए अध्यक्ष के ऐलान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई. कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी जल्द ही नए अध्यक्ष की नियुक्ति करेगी.
कौन हैं नए कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह?
परगट सिंह पूर्व में हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं. उन्होंने साल 1992 बार्सेलोना ओलंपिक और 1996 अटलांटा ओलंपिक में भारतीय टीम की कप्तानी की. परगट सिंह पंजाब पुलिस में एसपी की भूमिका भी निभा चुके हैं. इसके बाद उन्होंने राजनीति में एंट्री की. परगट सिंह जालंधर कैंट सीट से कई बार के विधायक रहे हैं.
परगट सिंह का जन्म 5 मार्च 1965 को मीठापुर जालंधर पंजाब में हुआ. साल 2017 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा. साल 2016 में वे शिरोमणी अकाली दल और आवाज-ए-पंजाब पार्टी में रहे. परगट सिंह उन 42 कांग्रेस विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में इस्तीफा दे दिया था.
सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब द्वारा सतलुज-यमुना लिंक (SYL) जल नहर को बंद करने को असंवैधानिक घोषित किया था. वह 2017 से जालंधर कैंट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं. साल 2022 के चुनावों में वे जालंधर कैंट से दोबारा चुने गए. अब पार्टी ने उन्हें पंजाब कांग्रेस का कप्तान बनाया है.
कांग्रेस पार्टी ने ‘एक्स’ पर की अध्यक्ष की घोषणा
कांग्रेस पार्टी ने परगट सिंह के नाम का ऐलान सोशल मीडिया प्लेट्फॉर्म ‘एक्स’ पर किया. पार्टी ने लिखा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है.”
वहीं पार्टी ने अमरिंदर सिंह के योगदान की भी सराहना करते हुए आदेश में कहा, “पार्टी, PCC के निवर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के योगदान की सराहना करती है.” आदेश में आगे कहा गया कि पंजाब में चुनाव से जुड़ी अलग-अलग कमेटियों के कार्यकारी अध्यक्ष, अध्यक्ष और सह-अध्यक्ष पहले की तरह ही काम करते रहेंगे.
‘चन्नी जीत गए, पायलट ने अपनी मर्जी चलाई’, इस्तीफे के बाद बोले राजा वडिंग