सोशल मीडिया पर IIT बाबा अभय सिंह की मौत की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया. दावा किया गया कि हरियाणा के हिसार में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. हालांकि, हिसार पुलिस ने इस खबर को फर्जी बताया है. पुलिस के मुताबिक, जिस व्यक्ति का शव मिला था, वह IIT बाबा नहीं, बल्कि हिसार के रहने वाले राहुल जैन थे. ऐसे में साफ है कि एक व्यक्ति की मौत की खबर को गलत पहचान के साथ सोशल मीडिया पर फैलाया गया.
हिसार पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह ने वायरल खबरों का खंडन किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के पीएलए इलाके में एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी पहचान राहुल जैन के रूप में हुई थी. सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में इसी व्यक्ति को IIT बाबा अभय सिंह बताया जाने लगा.
रोहतक प्रशासन की बड़ी लापरवाही, मंडियों में बारिश से भीगे लाखों टन धान
पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया और लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरों को आगे साझा न करें. मौत जैसी संवेदनशील घटना से जुड़ी गलत जानकारी किसी के लिए भी परेशानी का कारण बन सकती है.
कौन थे राहुल जैन, जिनकी मौत को IIT बाबा से जोड़ा गया?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 35 वर्षीय राहुल जैन का शव हिसार के पीएलए सेक्टर स्थित उनके घर के बेडरूम से मिला था. वह IIT से स्नातक थे. उनका शव मिलने के बाद पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया.
इसी घटना के बाद सोशल मीडिया पर गलत पहचान के साथ पोस्ट वायरल होने लगीं. कुछ पोस्ट में होटल के कमरे में शव मिलने का दावा किया गया, जबकि कुछ में बेडरूम का जिक्र था. पुलिस ने साफ किया कि मृतक राहुल जैन थे, अभय सिंह नहीं.
कौन हैं IIT बाबा अभय सिंह?
अभय सिंह ग्रेवाल 2025 में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान चर्चा में आए थे. IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने और विदेश में नौकरी करने के बाद आध्यात्मिकता की राह चुनने की उनकी कहानी ने लोगों का ध्यान खींचा था.
सोनीपत फोम फैक्ट्री में भयंकर आग, जिंदा जले दो मजदूर, 3 की हालत नाजुक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और डिजाइन में मास्टर डिग्री भी हासिल की. कनाडा में नौकरी करने के बाद उन्होंने अपना पेशेवर जीवन छोड़कर आध्यात्मिक रास्ता अपनाया. इसी शैक्षणिक पृष्ठभूमि के कारण उन्हें ‘IIT बाबा’ के नाम से पहचान मिली.
हिसार पुलिस के बयान से स्पष्ट है कि IIT बाबा अभय सिंह की मौत का वायरल दावा गलत था. राहुल जैन की मौत को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से अभय सिंह से जोड़ दिया गया था.