पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के बाद परगट सिंह ने पार्टी की रणनीति और सरकारों के कामकाज को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है. रविवार (11 अक्टूबर) को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में टिकट देने का आधार मेरिट होगा. कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की गई.
पंजाब कांग्रेस प्रभारी और पार्टी महासचिव सचिन पायलट ने परगट सिंह को औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी. पदभार ग्रहण करने से पहले परगट सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए.
तरनतारन में दिनदहाड़े ASI की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंजाब में तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी और किसानों, युवाओं तथा आम लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाएगी. उन्होंने बेअदबी के मामलों में न्याय दिलाने की बात भी कही.
परगट सिंह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने को कहा. साथ ही आरोप लगाया कि आप के विधायक दिल्ली के इशारे पर काम कर रहे हैं. उन्होंने पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव से कानून के दायरे में रहकर काम करने की अपील की.
पायलट ने राजा वड़िंग के काम को सराहा
कार्यक्रम में सचिन पायलट ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग के काम की तारीफ की. उन्होंने कहा कि परगट सिंह के पास अनुभवी नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम है. पायलट ने युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया.
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने एसआईआर के दौरान पंजाब में 20 लाख वोट कटने का दावा करते हुए चिंता जताई. उन्होंने नेताओं से अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने की अपील की.
लुधियाना: शहीद भगत सिंह की फोटो वाली वोटर ID, पूर्व MLA का आरोप, जांच की मांग
चन्नी ने रैली से प्रचार शुरू करने की बात कही
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने जल्द बड़ी रैली के साथ चुनाव प्रचार शुरू करने की घोषणा की. उन्होंने नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही. सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान किया और कहा कि पार्टी पंजाब के हितों से जुड़े मुद्दों पर लड़ाई जारी रखेगी.