पानीपत के सेक्टर 13-17 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले टूर एंड ट्रैवल संचालक लोकेश उर्फ सौरव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया.है. परिजनों ने उसके साथ लिव-इन में रह रही महिला पर जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया है.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया. बताया जा रहा है कि लोकेश को रात के समय गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. सुबह परिवार को इसकी सूचना मिली.
पत्नी से हो चुका था तलाक
घटना के बाद परिजनों में शोक है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है. जांच की मांग करते हुए परिजनों ने रविवार शाम अस्पताल में हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला आरोपी महिला के खिलाफ दर्ज कर लिया है.
लोकेश मूल रूप से नूरवाला का रहने वाला था. वो कई साल से सेक्टर 13-17 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक महिला के साथ रह रहा था. वो टूर एंड ट्रैवल का काम करता था. परिजनों ने बताया कि लोकेश की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उसकी 10 साल की बेटी है. बेटी फिलहाल नूरवाला में अपने दादा-दादी के साथ रहती है.
पत्नी से तलाक के बाद महिला के साथ रहने लगा
परिजनों का आरोप है कि महिला के संपर्क में आने के बाद लोकेश के अपनी पत्नी के साथ नहीं बनती थी. बाद में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद लोकेश पत्नी और बेटी से अलग रहने लगा और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में महिला के साथ रह रहा था. अब परिजनों ने उसी महिला पर लोकेश को जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है.